पिथौरागढ़:भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त रूप से गश्त और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई।
जाजरदेवल थाना क्षेत्र में एसओ प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में वड्डा चौकी प्रभारी आशीष रावत और पुलिस टीम ने एसएसबी जवानों के साथ विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों में पैदल गश्त की। टीम ने क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने के साथ संवेदनशील स्थानों की भी जांच की।
इसी तरह अस्कोट थाना क्षेत्र में एसएचओ रवीन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसएसबी के साथ संयुक्त गश्त कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को रोकने और सीमा क्षेत्र में निगरानी को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त निगरानी लगातार जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग के जरिए असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा रही है।