
देहरादून:राजधानी देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में चोरी की लगातार तीन घटनाओं का दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है।
थाना बसन्त विहार पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बीती 31अक्टूबर की रात जीएमएस रोड स्थित तीन अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। अज्ञात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर वहां रखे आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इसके बाद 1 नवंबर को तीनों पीड़ितों ने थाना वसंत विहार पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद थाना वसंत विहार पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कैमरों से मिले संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई गई।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मलिक चौक के पास से आरोपी सुमित उर्फ सत्यम उर्फ चीरवा(उम्र22)पुत्र रामकृपाल, निवासी देहराखास, थाना पटेल नगर, देहरादून को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अलग-अलग दुकानों से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। आरोपी चोरी के सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
आरोपी ने रात के समय जीएमएस रोड की अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाया और उनके ताले तोड़कर अंदर रखा सामान चोरी कर लिया।

आरोपी पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है,थाना पटेल नगर में दर्ज चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था,इसके साथ ही थाना नेहरू कॉलोनी और थाना वसंत विहार में चोरी, नकबजनी,एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से ब्लैक एसर कंपनी का एक लैपटॉप, वीवो कंपनी के सिल्वर और ब्राउन रंग के दो मोबाइल फोन, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक चेन और 4,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी इंदिरानगर उपनिरीक्षक सुनील नेगी, अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह राणा, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और कांस्टेबल हेमवती नंदन, दीपक, विपिन, शार्दूल व नीरज शामिल रहे।

