
देहरादून:जनपद के बसंत विहार क्षेत्र में दुकान से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी होने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से पांच हजार रुपये नकद और चांदी के तीन पुराने सिक्के बरामद किए हैं, पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
मामला राज एनक्लेव स्थित साईं फैब्रिक दुकान का है। दुकान की संचालिका नीना भाटिया ने 18 अक्टूबर को थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिन के समय अज्ञात व्यक्ति दुकान में रखी नकदी और चांदी के चार सिक्के चोरी कर ले गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाते हुए उनकी तलाश तेज की गई। इसी दौरान पुलिस ने काली मंदिर, बसंत विहार के पास एक संदिग्ध युवक
सोमान (19) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सेवला कला, पटेलनगर, देहरादून,को रोककर तलाशी के दौरान उसके पास से पांच हजार रुपये नकद और सफेद धातु के तीन पुराने सिक्के बरामद हुए।

आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके कब्जे से नकदी और सिक्कों के अलावा एक आधार कार्ड और हार्ड डिस्क भी बरामद की गई है।
उक्त कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजीव धारीवाल, कांस्टेबल सुधीर नौटियाल और कांस्टेबल मनदीप शामिल रहे।
