
देहरादून-: पटेलनगर थाना अंतर्गत बीती 7 नवंबर को हुई 14 लाख की लूट में दून पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए अबतक 7 लोगो की गिरफ़्तारी की जा चुकी है। हालांकि इस मामले में गिरफ़्तार अभियुक्तो में एक अभियुक्त के एक संगठन का प्रमुख चेहरा होने के चलते सोशल मीडिया में एक समुदाय / संगठन विशेष के लोगो के खिलाफ टिप्पणी की जा रही है, जिसपर आज एसपी सिटी शेखर सुयाल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मामले में पकड़े गए अभियुक्तो की गिरफ्तारी सबूतों, डिजिटल साक्ष्य व पूर्ण तहकीकात के बाद हुई है।
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि 14 लाख की लूट प्रकरण में गिरफ्तार अभियुक्तो में से एक अभियुक्त के एक संगठन से जुड़े होने के चलते सोशल मीडिया में पूरे संगठन के खिलाफ अंगरल टिप्पणी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में वादी, सभी गवाहों के बयानों, सभी तथ्यों, डिजिटल सबूतों के आधार पर 7 गिरफ़्तारी की गई है। किंतु एक व्यक्ति विशेष के चलते पूरे संगठन पर आरोप लगाया जा रहा है, जिसपर पुलिस निगरानी बनाये हुए है। उन्होने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को पूरे संगठन से जोड़कर नही देखा जाना चाहिए। यह एक व्यक्ति का कृत्य है। गिरफ्तार व्यक्तियों में अलग अलग धर्म, जाति के भी युवक शामिल है, ऐसे में किसी एक विशेष को निशाने पर लेना गलत होगा।
उन्होने कहा कि पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल इस मामले में एक संगठन विशेष की छवि धूमिल करने के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों पर निगरानी बनाये हुए है, ऐसे कृत्य करने वाले लोगो के खिलाफ भी कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

वहीं इस मामले में उन्होंने कहा कि जांच जारी है, इसमें अन्य अभियुक्तो के भी शामिल होने की आशंका है, जिनके खिलाफ कार्यवाही जारी है।

