
देहरादून-: नयागांव में चेकिंग कर रही पुलिस टीम की कल देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध दिखे एक बाइक सवार दो बदमाशों के साथ बुडपुर में मुठभेड़ हो गयी।बदमाशो ने पुलिस टीम पर की फायरिंग की जवाबी कार्यवाही में दोनों बदमाशो के पैरों में गोली लगी है। कोतवाली प्रभारी पटेलनगर की गाड़ी भी बदमाशो की गोली से क्षतिग्रस्त हुई है। बदमाश कुख्यात गैंगस्टर है, जिनके खिलाफ हरिद्वार, देहरादून के कई थानों में मुकदमे दर्ज है व वे हरिद्वार जेल भी जा चुके है। अभियुक्त कल रात भी शहर में नकबजनी की घटना को अंजाम देने आए थे।
पटेलनगर पुलिस द्वारा कल शनिवार देर रात क्षेत्रान्तर्गत नयागांव के पास चलाये जा रहे सघन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। किन्तु पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवक ने मोटरसाइकिल चेकपोस्ट पर न रोकते हुए बाइक बुडपुर की तरफ भगा दी। जिसपर पुलिस टीम द्वारा संदिग्धता भांपते हुए तुरंत युवको का पीछा शुरू किया।
पुलिस को पीछे आते देख बाइक सवार बदमाशो ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस की गाड़ी के फ्रंट का लेफ्ट साइड का कांच में गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस टीम द्वारा भी बदमाशों का पीछा करते हुए उनके द्वारा की गई फायरिंग की जवाबी कार्यवाही मे फायर की गईं। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में दोनो बदमाश घायल हो गए।
पुलिस कार्यवाही में दोनों बदमाशो के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशो को कोतवाली प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौड़ व उनकी टीम द्वारा मौके से ही गिरफ्तार कर उनको ईलाज के लिए प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दोनों बदमाशो से 2 पिस्टल ,जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किया है।
वहीं मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी शेखर सुयाल व सीओ सदर अंकित कंडारी घटना में तुरंत बाद ही तड़के सुबह घटनास्थल पहुँचे व पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल भी पहुँचे जहां उनके द्वारा घायल बदमाशो का हाल चाल जाना व चिकित्सको से बातचीत की। एफएसएल की टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किये गए है।

बदमाशो की पहचान समीम पुत्र इलियास निवासी रुडकी, हरिद्वार व शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की हरिद्वार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में घायल बदमाशो द्वारा पटेलनगर,विकासनगर,सहसपुर आदि थानों में नकबजनी की घटनाओ को अंजाम देने की बात कबूली व आज भी घटना के इरादे से आने की जानकारी दी।पुलिस के अनुसार दोनो कई बार हरिद्वार जेल जा चुके है व उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगा हुआ है।
समीम पर 1 दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज है।

