देहरादून:इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया है। विश्वविद्यालय ने प्रमाणपत्र आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) माध्यम के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 कर दी है।
इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के ओडीएल माध्यम के पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इग्नू के प्रवेश पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। वहीं ऑनलाइन माध्यम के कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अलग ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। विद्यार्थी आवेदन से पहले संबंधित कार्यक्रम की पात्रता, पाठ्यक्रम और अन्य आवश्यक जानकारी पोर्टल पर देख सकते हैं।
इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के प्रमुख डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने बताया कि जो विद्यार्थी अभी तक जुलाई सत्र में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, वे इस बढ़ाई गई समयसीमा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कई नए कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं, जिनका विद्यार्थी अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार लाभ उठा सकते हैं।
इसके साथ ही जुलाई 2026 सत्र के लिए पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की समयसीमा भी बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है। ऑनलाइन और ओडीएल माध्यम के विद्यार्थियों को पुनः पंजीकरण के लिए 200 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक इग्नू के री-रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इग्नू ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते प्रवेश और पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें।
इग्नू में जुलाई सत्र के प्रवेश और पुनः पंजीकरण की तारीख बढ़ी, 15 सितंबर तक मिलेगा मौका
shikhrokiawaaz.com
09/01/2026
Comments
comment
date
latest news