
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मौसम के करवट लेते ही श्री केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
बदलते मौसम एवं बढ़ती ठंड को देखते हुए जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में निरन्तर जुटी हुई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सम्बन्धित विभागों द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
ठंड से बचाव हेतु आवश्यक एडवाइजरी -
गर्म कपड़े पहनें: ठंड से बचने के लिए गर्म जैकेट, ऊनी कपड़े, टोपी, दस्ताने एवं गर्म मोजों का प्रयोग करें।
गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें: शरीर को गर्म रखने के लिए समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।
ठंड में अधिक समय तक न रुकें: अनावश्यक रूप से खुले एवं अत्यधिक ठंडे स्थानों पर अधिक समय तक रुकने से बचें।
स्वास्थ्य का ध्यान रखें: ठंड के कारण अस्वस्थ महसूस होने, अत्यधिक कंपकंपी या सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें: बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें।
मौसम सम्बन्धी निर्देशों का पालन करें: मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रतिकूल मौसम में अनावश्यक जोखिम न उठाएं।
रुद्रप्रयाग पुलिस सभी श्रद्धालुओं से अपील करती है कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान सतर्क रहें, मौसम के अनुरूप अपनी तैयारियां रखें तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर सम्बन्धित पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों से सहायता प्राप्त करें। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।


