
देहरादून:अपराध पर अंकुश लगाने और शहर में रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस ने गुरुवार को पटेलनगर और रायपुर थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया।एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में 900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 66 भवन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 6 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अभियान के दौरान किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में सामने आए और जमानत पर बाहर चल रहे 23 आरोपियों का भी भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने इन आरोपियों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत देते हुए दोबारा किसी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

अभियान के दौरान किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने के साथ ही अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 66 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की। इन सभी पर कुल 6.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन कराना भवन स्वामियों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सत्यापन अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले 30 व्यक्तियों को पुलिस थाने लेकर पहुंची। यहां उनसे आवश्यक पूछताछ करने के साथ ही उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस का यह अभियान अपराधियों पर निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों और घरेलू सहायकों का समय पर सत्यापन कराएं, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
