देहरादून:किताबों की दुनिया में दिलचस्पी रखने वालों के लिए राजधानी देहरादून में आयोजित ‘बुक टेल स्टोरीबॉक्स बुक फेयर' इन दिनों खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
परेड ग्राउंड के नजदीक सुभाष रोड स्थित लॉर्ड वेंकटेश्वरा कल्याण मंडपम में 16 सितंबर से शुरू हुए इस पुस्तक मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शनिवार को वीकेंड होने के चलते मेले में युवाओं, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमी देखने को मिलें।
इस पुस्तक मेले की खास बात यहां अपनाया गया 'पे फ़ॉर द बॉक्स' कॉन्सेप्ट है। इसके तहत पाठक अपनी पसंद के आकार का बॉक्स चुनते हैं और उसकी क्षमता के अनुसार उसमें अपनी पसंद की किताबें भरकर ले जा सकते हैं। यही अनोखा तरीका युवाओं के बीच मेले को खासा लोकप्रिय बना रहा है।
मेले में अलग-अलग रुचियों और आयु वर्ग के पाठकों के लिए किताबों की विस्तृत रेंज मौजूद है। यहां फिक्शन, नॉन-फिक्शन, क्लासिक साहित्य, अंतरराष्ट्रीय किताबों, जापानी मंगा कॉमिक्स, हिंदी साहित्य और बच्चों की पुस्तकों सहित कई श्रेणियों की किताबें देखने को मिल रही हैं।
मेले में प्रवेश निशुल्क रखा गया है और पाठकों के लिए सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किताबों की खरीदारी का अवसर है। पुस्तक प्रेमियों के लिए यह आयोजन किताबों को करीब से देखने, अपनी पसंद की पुस्तकें चुनने और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने का एक अच्छा मौका बनकर सामने आया है।
16 सितंबर से शुरू हुआ यह पुस्तक मेला 20 सितंबर को समाप्त हो रहा है।