
चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासन के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लक्ष्य के साथ खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम कर रही है। लोहाघाट में करीब 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित किया जा रहा है। वहीं, जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगा। टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ ही मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सीएसआर के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर बालिका वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को सम्मानित किया गया।
वहीं, एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और चम्पावत को तीन टाटा योद्धा वाहन उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि वाहनों से वन विभाग के कामकाज में सुविधा होगी और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के लिए विकास योजनाओं के साथ जनसहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं और स्थानीय लोगों से खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।

उक्त कार्यक्रम में दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, बनबसा नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस कप्तान रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
