
देहरादून-: लंबे समय तक कानूनी पछड़ो में पड़ने से परेशान नागरिको को जल्द व लम्बी कानूनी प्रक्रिया के बदले आसान तरीके से न्याय दिलाने की राह में देहरादून के समस्त न्यायालयों ने आज विशेष लोक अदालत आयोजित करते हुए अपने कोर्ट अंतर्गत लंबित एनआई एक्ट के 164 मामलों को सफलतापूर्वक निस्तारण कर 5 करोड़ 92 लाख रुपये की धनराशि पर समझौता करवाया है।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन में आज शनिवार को राजधानी के समस्त न्यायालयों में एन०आई० एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरिश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस विशेष लोक अदालत में न्यायाधीशों द्वारा अपने अपने स्तर पर एक ही दिन में चेक बाउंस के 162 लंबित मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए 5 करोड़ 35 लाख 27 हज़ार 651 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया। इसके अतिरिक्त प्री-लिटिगेशन स्तर पर 02 मामलों का निस्तारण करते हुए 57 लाख रुपये की धनराशि पर समझौता संपन्न हुआ। लोक अदालत द्वारा आज शनिवार को कुल 164 मामलों का निस्तारण करते हुए 5 करोड़ 92 लाख 27 हज़ार 651 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया।
विशेष लोक अदालत के इस सफल आयोजन व समझौते में जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों, पक्षकारों एवं न्यायालय कर्मचारियों ने सहयोग किया। इस आयोजन का प्रयोजन पक्षकारों को आपसी सहमति से त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीले तरीके से विवादों के समाधान का अवसर देने है।विशेष लोक अदालत के आयोजन से राजधानी के न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या में कमी आएगी।


