टिहरी:पुलिस कप्तान श्वेता चौबे के नेतृत्व में टिहरी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल टिहरी और थाना मुनिकीरेती की संयुक्त टीम ने 'डिजिटल अरेस्ट' का डर दिखाकर एक व्यक्ति से ₹4.35 लाख की ठगी करने वाले शातिर साइबर आरोपी को महाराष्ट्र के सतारा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई तकनीकी जांच और लगातार की गई निगरानी के आधार पर संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार ढालवाला निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले ठगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने दावा किया कि उनके नाम से मुंबई में बैंक खाता खोलकर आपराधिक गतिविधियां संचालित की गई हैं। वीडियो कॉल के दौरान पुलिस स्टेशन और वर्दीधारी अधिकारियों जैसे दृश्य दिखाकर पीड़ित का विश्वास जीता गया और गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने का भय दिखाया गया। लगातार मानसिक दबाव के कारण पीड़ित ने आरोपियों के बताए बैंक खाते में ₹4.35 लाख जमा कर दिए।
शिकायत मिलने के बाद मुनिकीरेती थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच साइबर सेल को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन का गहन तकनीकी विश्लेषण किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम महाराष्ट्र रवाना हुई और बीट 23 जुलाई को सतारा जिले से आरोपी अंकुश राजेन्द्र गाडगे पुत्र राजेन्द्र गाडगे निवासी: ग्राम कोले, थाना कराड तालुका,जिला सतारा,महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया।
आरोपी द्वारा साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न म्यूल अकाउंट्स के माध्यम से क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर दूसरे वॉलेट और खातों में ट्रांसफर करता था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था।
पुलिस द्वारा उक्त साइबर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर ₹4.35 लाख की ठगी,महाराष्ट्र से साइबर आरोपी गिरफ्तार
shikhrokiawaaz.com
07/27/2026
Comments
comment
date
latest news