
चमोली: कल 14 नवम्बर से शुरू हो रहे गोचर मेले और प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिस क्रम में पुलिस कप्तान सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गोचर कस्बे में विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखना है।
सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गोचर क्षेत्र में रहने वाले बाहरी राज्यों के किरायेदारों की जानकारी जुटाई। इस दौरान किरायेदारों के पहचान पत्र, पते और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने मकान मालिकों से भी किरायेदारों का समय पर पुलिस सत्यापन कराने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने मकान मालिकों को सत्यापन के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखना नियमों के अनुरूप नहीं है। साथ ही नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की जानकारी भी दी गई।

पुलिस ने सभी भवन स्वामियों को अपने यहां रह रहे किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि गोचर मेले के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों का आवागमन रहता है। वहीं प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।

