एसएसपी पौड़ी ने किया अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन
shikhrokiawaaz.com
02/19/2026
पौड़ी:आज गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी में जनवरी माह की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस कप्तान सर्वेश पंवार ने की।
उक्त बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई।
उक्त गोष्ठी में एसएसपी सर्वेश पंवार द्वारा अपराध विश्लेषण के आधार पर थानों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करते हुए लंबित विवेचनाओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, गिरफ्तारी दर में वृद्धि तथा गंभीर मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विशेष सत्यापन अभियान “ऑपरेशन क्रैकडाउन” को पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ लागू करने के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान चलाने और अनुभवी टीम गठित कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।
ज्वैलर्स, बैंक और बड़े प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी व्यवस्था की नियमित जांच पर भी विशेष जोर दिया गया। यह स्पष्ट किया गया कि यदि किसी घटना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कमी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, किसी भी गंभीर आपराधिक घटना पर संबंधित क्षेत्राधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से घटनास्थल का निरीक्षण कर पारदर्शी और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक सक्रिय व परिणाममुखी बनाने पर बल देते हुए एनडीपीएस मामलों में त्वरित विवेचना, सक्रिय अपराधियों की निगरानी तथा डिजिटल प्रोफाइलिंग अद्यतन रखने के निर्देश जारी किए गए। महिला एवं बाल अपराधों में शून्य सहनशीलता की नीति दोहराते हुए प्रत्येक प्रकरण में तत्काल एफआईआर, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और गुमशुदा मामलों में अंतरजनपदीय समन्वय के माध्यम से शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने, लंबित माल के समयबद्ध निस्तारण और एम-मालखाना पोर्टल पर अद्यतन प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए। जमीनी विवादों में क्षेत्राधिकारी स्तर पर जांच के बाद ही वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। साइबर धोखाधड़ी के मामलों में डिजिटल साक्ष्य संकलन, बैंक समन्वय और खातों को शीघ्र फ्रीज कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश जारी किए गए।
कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने पर बल दिया गया। यातायात प्रबंधन के अंतर्गत ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में निगरानी, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक-एंड-ड्राइव और ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में जनवरी माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ दायित्व निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
Comments
comment
date
latest news