पिथौरागढ़:जनपद में शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक एवं मासिक सम्मेलन में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और डिजिटल पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस कप्तान अक्षय प्रहलाद कोंडे ने जिले के सभी थाना, चौकी और शाखा प्रभारियों के साथ पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया। इस दौरान माह भर में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-साक्ष्य, ई-सम्मन और डिजिटल पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने, सीएम हेल्पलाइन एवं सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और सीसीटीएनएस डेटा को समय पर अपडेट रखने पर विशेष बल दिया गया।
एसपी ने लंबित अभियोगों का शीघ्र विवेचनात्मक निस्तारण कर समय से न्यायालय में आरोप पत्र अथवा अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने, ई-एफआईआर एवं जीरो एफआईआर पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने तथा न्यायालय से जारी सम्मन और वारंटों की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवैध भांग की खेती के खिलाफ अभियान चलाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने, सोशल मीडिया पर फैलाए जाने वाले भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण संदेशों पर सतर्क निगरानी रखने तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
अपराध समीक्षा बैठक में सीओ पिथौरागढ़ गोविंद बल्लभ जोशी, सीओ धारचूला के.एस. रावत, आरआई नरेश चंद्र जखमोला सहित जिले के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
अपराध नियंत्रण और डिजिटल पुलिसिंग पर पिथौरागढ़ पुलिस का फोकस
shikhrokiawaaz.com
07/31/2026
Comments
comment
date
latest news