देहरादून:जिले में आम लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव से हुई। दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अलग-अलग विभागों की योजनाओं व सेवाओं की जानकारी लेने के साथ उनका लाभ भी उठाया।
शिविर में 200 से अधिक लोगों ने सहभागिता की, जबकि 150 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट भी वितरित की गईं।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। 28 से अधिक शिकायतों को सुना गया और अधिकारियों को संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सहस्रधारा क्षेत्र में आपदा से प्रभावित पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
इसके अलावा खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत और पुरकुल गांव के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। बस संचालन से जुड़े मामले में आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य कर रहे श्रीहरि स्वयं सहायता समूह, क्यारकुली भट्टा की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। वहीं उद्यान क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान समेत कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सरकारी सुविधाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। ‘सेवा सेतु’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जिले की प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल गांव का शिविर इसी अभियान की शुरुआत है।
कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, विक्रम सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, गोरख कल्याण परिषद के अध्यक्ष/राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, सीमा पुंडीर समेत जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुरकुल गांव से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प’ अभियान, एक ही जगह मिलीं कई सरकारी सेवाएं
shikhrokiawaaz.com
09/21/2026
Comments
comment
date
latest news